आपदा मित्र प्रशिक्षण आज से शुरू
छतरपुर। दैनिक समीक्षा न्यूज
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भारत सरकार एवं राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भोपाल के मार्गदर्शन में जिला छतरपुर होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के द्वारा आपदा मित्र प्रशिक्षण शिविर आज सोमवार 6 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। यह आपदा मित्र प्रशिक्षण शिविर 17 फरवरी तक संचालित किया जाएगा। जिले के जिन युवाओं ने आपदा मित्र में अपना पंजीयन कराया है, वह आज 6 फरवरी को सुबह 9:00 बजे होमगार्ड कार्यालय छत्रसाल चौराहा के पास उपस्थित हो, ताकि उनका पंजीयन प्रशिक्षण हेतु किया जा सके। यह आपदा प्रशिक्षण 12 दिवस तक चलाया जा रहा है, जिसमें विभिन्न प्रकार की आपदाएं एवं उनसे बचाव तथा बचाव और राहत कार्य की जानकारी दी जावेगी। प्रशिक्षण उपरांत सभी आपदा मित्र प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र एवं आपदा बचाव सामग्री की किट भोपाल से प्राप्त होने पर प्रदाय की जावेगी तथा सभी आपदा मित्रों का शासन के आदेशानुसार बीमा कराया जावेगा। जिले में किसी भी प्रकार की आपदा आने पर इन आपदा मित्रों की मदद ली जावेगी। उक्त आपदा मित्र प्रशिक्षण पूर्ण रूप से स्वयंसेवी है, किसी भी प्रकार का मानदेय इत्यादि भुगतान नहीं किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को नि: शुल्क भोजन, स्वल्पाहार एवं शासन से प्राप्त होने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। अत: जिन आपदा मित्रों ने पंजीयन हेतु अपने फॉर्म कार्यालय में जमा किए हैं। निर्धारित समय आज सोमवार 06 फरवरी की सुबह 9: 00 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित हो जो भी विलंब से आएंगे उन्हें प्रशिक्षण में शामिल नहीं किया जाएगा।
प्रिंस तिवारी
ब्यूरो | दैनिक समीक्षा न्यूज
संपर्क - 9754632794